टिकट नहीं मिलने के बाद पहली बार खुले मंच पर दिखे अवधेश नायक, दतिया में कांग्रेस को दिया बड़ा बूस्ट
Saturday, Jul 18, 2026-07:00 PM (IST)
दतिया। (नवल यादव): मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अवधेश नायक ने चुनाव प्रचार में सक्रिय भागीदारी शुरू कर दी है। टिकट नहीं मिलने के बाद उनकी नाराजगी को लेकर चल रही तमाम राजनीतिक अटकलों पर अब विराम लगता नजर आ रहा है। शनिवार को उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के साथ मंच साझा करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी कुँवर घनश्याम सिंह के समर्थन में प्रचार किया और मतदाताओं से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
अवधेश नायक ने चुनावी सभाओं और जनसंपर्क अभियान में हिस्सा लेकर यह संदेश देने की कोशिश की कि वे पूरी तरह कांग्रेस के साथ खड़े हैं। उनकी मौजूदगी को कांग्रेस के लिए अहम माना जा रहा है, क्योंकि पिछले कुछ दिनों से उनके नाराज होने की चर्चाएं राजनीतिक गलियारों में तेज थीं।
गौरतलब है कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले अवधेश नायक भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे। उस समय पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार बनाया था, लेकिन बाद में टिकट बदलकर राजेंद्र भारती को मैदान में उतार दिया गया था। इस बार दतिया विधानसभा उपचुनाव में भी अवधेश नायक को टिकट का मजबूत दावेदार माना जा रहा था, लेकिन कांग्रेस ने कुँवर घनश्याम सिंह को अपना प्रत्याशी घोषित किया।
प्रत्याशी घोषित होने के बाद अवधेश नायक कुछ प्रमुख चुनावी कार्यक्रमों में नजर नहीं आए, जिससे उनके नाराज होने की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया। इसी दौरान भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों के उनके निवास पर पहुंचने से सियासी अटकलें और तेज हो गईं। वहीं कांग्रेस नेतृत्व भी लगातार उनके संपर्क में बना रहा।
हालांकि, अब अवधेश नायक ने स्वयं सभी चर्चाओं को खारिज कर दिया है। पंजाब केसरी से बातचीत में उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे पहले भी कांग्रेस के साथ थे और आज भी पूरी निष्ठा से पार्टी के लिए काम कर रहे हैं। चुनाव प्रचार में उनकी सक्रिय भागीदारी से कांग्रेस संगठन को उपचुनाव में नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

