जयवर्धन सिंह बोले- विजयवर्गीय के बयान उनके संस्कारों को बताते हैं, भाई-बहन के पवित्र रिश्ते पर उनकी टिप्पणी बेहद अशोभनीय

Friday, Sep 26, 2025-06:16 PM (IST)

गुना (मिस्बाह नूर) : नगरीय एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर की गई विवादित टिप्पणी और गौवंशीय मांस पर जीएसटी हटाने के फैसले को लेकर मध्य प्रदेश में सियासत गर्मा गई है। शुक्रवार को कांग्रेस ने इन मुद्दों को लेकर कड़ा विरोध दर्ज कराया। कांग्रेसनियों ने जिलाध्यक्ष एवं राघौगढ़ विधायक जयवर्धन सिंह के नेतृत्व में पुतला दहन कर विजयवर्गीय और भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

PunjabKesari

जयवर्धन सिंह ने निशाना साधते हुए कहा कि कैलाश विजयवर्गीय का बयान उनके संस्कारों को बताते हैं। भाई-बहन के पवित्र रिश्ते पर इस तरह की टिप्पणी अशोभनीय है और यह भाजपा नेताओं की मानसिकता को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि विजयवर्गीय ने जिस तरह राहुल-प्रियंका के रिश्ते पर सार्वजनिक मंच से अभद्र टिप्पणी की, वह पूरे समाज में गलत संदेश देती है। कांग्रेस इसका सख्त विरोध करती है।

PunjabKesari

इसके साथ ही जयवर्धन सिंह ने 18 सितंबर 2025 को प्रदेश सरकार द्वारा जारी राजपत्र का जिक्र करते हुए कहा कि उसमें सातवें बिंदु पर गौवंशीय पशुओं के मांस पर जीएसटी 0 फीसदी किया गया है। यह फैसला भाजपा सरकार की असलियत दिखाता है। जो पार्टी खुद को गौ-सेवा और सनातन धर्म का रक्षक बताती है, वही सत्ता में आते ही गौवंशीय मांस को टैक्स फ्री कर देती है। यह सनातन धर्म और हिंदू आस्थाओं के साथ सीधा विश्वासघात है। कांग्रेस का कहना है कि यदि भाजपा सरकार वास्तव में सनातन धर्म के पक्ष में है तो गौवंश के मांस पर पूर्ण रूप से रोक लगाए। जीएसटी हटाना तो दूर, इस पर कानूनी प्रतिबंध लगना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा केवल राजनीति करने और लोगों की भावनाओं से खेलने का काम कर रही है।

PunjabKesari

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेसजनों ने कहा कि एक ओर विजयवर्गीय भाई-बहन के पवित्र रिश्ते पर सवाल उठाते हैं, वहीं दूसरी ओर उनकी ही सरकार गौवंशीय मांस को टैक्स फ्री कर सनातन संस्कृति पर प्रहार करती है। यह दोहरी राजनीति अब जनता समझ चुकी है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अपने इस निर्णय को वापस नहीं लिया और विजयवर्गीय अपने बयान के लिए माफी नहीं मांगते तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। पुतला दहन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे और सनातन विरोधी भाजपा सरकार मुर्दाबाद तथा विजयवर्गीय होश में आओ के नारे लगाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News