अपनी जवान बहन को चौराहों पर ‘चुंबन’ करते हैं, विजयवर्गीय का राहुल गांधी पर विवादित बयान
Thursday, Sep 25, 2025-05:24 PM (IST)

भोपाल : मध्यप्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रिंयका गांधी का नाम लिए बिना विवादित टिप्पणी की है। उन्होंने आज शाजापुर जिले में ‘प्रतिपक्ष के नेता' पर निशाना साधते हुए कहा कि पुराने जमाने के लोग अपनी बहन के गांव का पानी भी नहीं पीते थे और आज के प्रतिपक्ष के नेता अपनी जवान बहन को चौराहों पर ‘चुंबन' करते हैं। उनके इस बयान के बाद सियासी घमासान मचा हुआ है।
संसदीय कार्य मंत्री विजयवर्गीय शाजापुर में सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मंच पर उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार और विधायक अरुण भीमावाद भी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि हम पुरानी संस्कृति के लोग हैं। हमारे पुराने लोग अपनी बहनों के घरों के गांवों का पानी तक भी नहीं पीते थे। इसी क्रम में उन्होंने पुरानी संस्कृति से जुड़े लोगों के संदर्भ में कहा,‘‘अपनी बहन के गांव में पानी भी नहीं पीते थे। आज के हमारे प्रतिपक्ष के नेता ऐसे हैं, कि अपनी जवान बहन को बिल्कुल चौराहे पर चुंबन कर लेते हैं।‘‘
विजयवर्गीय ने कहा कि ये संस्कारों का अभाव है। ये संस्कार विदेश की संस्कृति के हैं, भारत चलेगा तो हमारे देश की संस्कृति और संस्कारों से चलेगा। समझा जा रहा है कि उन्होंने ये बयान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी के संदर्भ में दिया है। दरअसल विजयगर्वीय अपने पिताजी के संदर्भ में बात कर रहे थे। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा कि उनके पिताजी अपनी बहन के घर का पानी तक नहीं पीते थे। जब पिताजी गांव जाते थे तो घर से पानी का लोटा लेकर जाते थे।