11 लोगों की मौत के बाद जागा प्रशासन! मुख्यमंत्री के दौरे से चंद मिनट पहले सड़क की हुई मुरम्मत, वीडियो ने खोल दी सिस्टम की पोल

Saturday, Oct 04, 2025-03:21 PM (IST)

खंडवा (मुश्ताक मंसूरी) : मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के पंधाना थाना क्षेत्र के पाडल फल्या गांव में दशहरे के दिन हुई दर्दनाक ट्रैक्टर-ट्रॉली दुर्घटना में 11 लोगों की मौत के बाद अब घटनास्थल सियासत का केंद्र बन गया है। शुक्रवार सुबह से ही नेताओं का तांता गांव में लगा रहा, लेकिन इस बीच एक ऐसा वीडियो सामने आया जिसने सिस्टम की पोल खोल दी है।

इधर हादसा हुआ, उधर नेताओं का आगमन और शुरू हुआ सड़क सुधार कार्य

जहां एक ओर मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियां जोरों पर थीं, वहीं गांव में सड़क सुधार का काम तेज़ी से किया जा रहा था। लेकिन मुख्यमंत्री के आने से कुछ ही देर पहले सड़क की हालत ने जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह की सरकारी इनोवा गाड़ी तक को रोक लिया।

क्या है वीडियो में

गाड़ी फंसी हुई, लोग धक्का लगा रहे हैं, यह वही वीडियो है जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि मंत्री विजय शाह की गाड़ी बदहाल सडक में फंस गई, जिसे निकालने के लिए पुलिस कर्मियों और स्टाफ ने जमकर धक्का लगाया। वीडियो में युवक की आवाज़ आती सुनाई दे रही है - “मुख्यमंत्री के आने से पहले रोड बन रहा है, मंत्री जी की गाड़ी ही फंस गई, सोचो आम लोगों का क्या हाल होता होगा।

वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों में भी नाराज़गी देखी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से वे इस सड़क की मरम्मत की मांग कर रहे थे, लेकिन सरकार ने ध्यान नहीं दिया। अब जब 11 लोगों की जान चली गई और मुख्यमंत्री का दौरा तय हुआ, तो कुछ घंटों में सड़क को दुरुस्त कर दिया गया। वहीं स्थानीय निवासियों का कहना है “हम कई सालों से इस रोड के लिए कह रहे थे, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। अब हादसे के बाद सब भाग-दौड़ कर रहे हैं।”

नेताओं का दौरा: शुक्रवार सुबह से ही घटनास्थल पर नेताओं का पहुंचना जारी रहा।

सबसे पहले स्थानीय विधायक छाया मोरे, खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, खंडवा विधायक कंचन तनवे, मान्धाता विधायक नारायण पटेल और कांग्रेस जिला अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह पुरनी पहुंचे। करीब 10 बजे मंत्री विजय शाह ने भी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और फिर मुख्यमंत्री के आने से पहले राजगढ़ लौट गए। अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या किसी मुख्यमंत्री या मंत्री के आने पर ही सड़कें बनती हैं, सिस्टम सक्रिय होता है और जिम्मेदारी दिखती है?


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News