पीड़िता ने खटखटाया कोर्ट का दरवाजा, तब दर्ज हुई FIR, घर में घुसकर दुष्कर्म का प्रयास
Friday, Nov 14, 2025-02:14 PM (IST)
सीहोर। (धर्मेंद्र राय): जिले में एक महिला के साथ दुष्कर्म के प्रयास के मामले में पुलिस की प्रारंभिक लापरवाही सामने आई है। पीड़िता को न्याय पाने के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा। अदालत के हस्तक्षेप के बाद महिला थाने में आरोपी के खिलाफ अंततः FIR दर्ज की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला सीहोर के ग्राम चादबड़ का है। पीड़िता के घर में घुसकर भगवान सिंह नामक व्यक्ति ने उसके साथ बलात्कार करने का प्रयास किया। घटना के बाद पीड़िता ने सबसे पहले मंडी थाने में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने FIR दर्ज नहीं की। इसके बाद पीड़िता ने न्याय के लिए सीहोर कोर्ट में आवेदन लगाया।
कोर्ट के निर्देश पर और विधिक सहायता विभाग की सचिव के संज्ञान में आने के बाद महिला थाना पुलिस ने आरोपी भगवान सिंह के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास और धमकी देने का मामला दर्ज किया है।
विधिक सहायता से जुड़े अधिवक्ता सुभाष चौहान ने बताया कि आरोपी भगवान सिंह ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी थी और वह लगातार उसे प्रताड़ित कर रहा है। पीड़िता हरिजन वर्ग से आती है, इसलिए आरोपी पर हरिजन अत्याचार अधिनियम (SC/ST Act) की धारा 3(1)(10) के तहत भी FIR दर्ज की गई है।
विधिक प्रशासन ने इस मामले में त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग की है, ताकि पीड़िता को शीघ्र न्याय मिल सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

