जननायक टंट्या मामा भील की मूर्ति विवाद में बड़ी कार्रवाई, दो अधिकारी निलंबित

Saturday, Jan 24, 2026-01:26 PM (IST)

खरगोन (रामेश्वर बड़ोले) : खरगोन जिले में जननायक टंट्या मामा भील की मूर्ति को लेकर चल रहे विवाद में अब बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई हुई है। नगरीय प्रशासन आयुक्त संकेत भोंडवे ने नगरपालिका के दो इंजीनियरों को निलंबित कर दिया है। दरअसल टेंडर शर्तों के अनुसार जननायक टंट्या मामा भील की मूर्ति 9 लाख 90 हजार रुपए की लागत से संगमरमर या अष्टधातु की लगाई जानी थी। लेकिन ठेकेदार द्वारा करीब एक लाख रुपए की एफआरपी से बनी मूर्ति स्थापित कर दी गई। मूर्ति स्थापना से पहले नगरपालिका के सहायक यंत्री मनीष महाजन और सब इंजीनियर जितेंद्र मेड़ा द्वारा भौतिक सत्यापन किया गया था, जो बाद में गलत पाया गया। इसी लापरवाही को गंभीर मानते हुए नगरीय प्रशासन आयुक्त संकेत भोंडवे ने दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

गौरतलब है कि इस मामले को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी सहित भाजपा के कई पार्षदों ने भी विरोध दर्ज कराया था और शासन-प्रशासन से लिखित शिकायतें की थीं। लगातार बढ़ते दबाव और जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है। फिलहाल प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद नगर पालिका में हड़कंप की स्थिति है। वहीं अब आगे मूर्ति मामले में और किन जिम्मेदारों पर कार्रवाई होती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News