NCRB Report: बच्चों के खिलाफ अपराध में MP नंबर 1, महिला अपराध और भ्रष्टाचार में भी शर्मनाक आंकड़े
Wednesday, Oct 01, 2025-02:15 PM (IST)

भोपाल: NCRB ने अपनी रिपोर्ट ‘क्राइम इन इंडिया 2023’ जारी की है, जिसमें देश में अपराधों की स्थिति को लेकर चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार बच्चों, महिलाओं और आत्महत्या से जुड़े मामलों में मध्य प्रदेश टॉप रैंकिंग में शामिल है।
बच्चों के खिलाफ अपराध… MP सबसे ऊपर
2023 में बच्चों के खिलाफ अपराधों के कुल 1,77,335 मामले दर्ज हुए, यानी हर तीन मिनट में एक अपराध। इनमें सबसे ज्यादा मामले मध्य प्रदेश से 22393 दर्ज हुए। जबकि महाराष्ट्र 22,390 मामलों के साथ दूसरे स्थान पर है। उत्तर प्रदेश (18,852), राजस्थान (10,577) और असम (10,174) आगे रहे। प्रति लाख बच्चों पर अपराध दर 77.9 रही, जो राष्ट्रीय औसत 39.9 से दोगुना है।
महिलाओं के खिलाफ अपराध... MP पांचवें नंबर पर
महिलाओं से जुड़े अपराधों में 2023 में 4,48,211 केस दर्ज हुए, जो 2022 की तुलना में 0.7% अधिक हैं।
- यूपी: 66,381 (पहला स्थान)
- महाराष्ट्र: 47,101 (दूसरा स्थान)
- राजस्थान: 45,450 (तीसरा स्थान)
- पश्चिम बंगाल: 34,691 (चौथा स्थान)
- मध्य प्रदेश: 32,342 (पांचवां स्थान)
इनमें पति या रिश्तेदारों द्वारा क्रूरता (29.8%), अपहरण (19.8%) और हमले (18.7%) के मामले सबसे ज्यादा रहे।
आत्महत्या मामले में MP तीसरे स्थान पर
देशभर में 2023 में 1,71,418 लोगों ने आत्महत्या की, जिनमें 13,892 छात्र शामिल हैं।
- महाराष्ट्र पहले
- तमिलनाडु दूसरे
- मध्य प्रदेश तीसरे स्थान पर (15,662 आत्महत्याएं)
छात्र आत्महत्याओं में MP का हिस्सा 10.5% रहा, जो दूसरे स्थान पर है। मानसिक दबाव और पढ़ाई से जुड़ा तनाव प्रमुख कारण बताए गए हैं।
भ्रष्टाचार में MP सातवें स्थान पर
भ्रष्टाचार के मामलों में देशभर में 4,139 केस दर्ज हुए। राजस्थान और महाराष्ट्र शीर्ष पर रहे, जबकि मध्य प्रदेश सातवें स्थान पर रहा।
कांग्रेस का BJP सरकार पर हमला
कांग्रेस नेता पीसी शर्मा ने NCRB के आंकड़ों को शर्मनाक बताया और कहा कि ‘मध्य प्रदेश बच्चों के खिलाफ अपराध में नंबर-1 है। बीजेपी सरकार बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा में नाकाम साबित हुई है।’ उन्होंने चेतावनी दी कि अगर हालात ऐसे ही रहे तो ‘घर के अंदर भी बेटियां सुरक्षित नहीं रहेंगी।’