रिटायर्ड जिला आबकारी अधिकारी धन कुबेर बन बैठे, संपत्ति 20.24 करोड़ पार, आज खोले जाएंगे लॉकर!
Friday, Oct 17, 2025-12:33 PM (IST)

ग्वालियर। रिटायर्ड जिला आबकारी अधिकारी धर्मेंद्र सिंह भदौरिया के खिलाफ लोकायुक्त की कार्रवाई लगातार जारी है। गुरुवार को जांच के दूसरे दिन भी उनकी संपत्ति की पड़ताल जारी रही। अब तक की छानबीन में कुल 20 करोड़ 24 लाख 55 हजार 169 रुपए की चल-अचल संपत्ति का पता चला है।
लोकायुक्त टीम की जांच में सामने आया है कि भदौरिया और उनके परिवार के बैंक खातों में करीब 1.26 करोड़ रुपए जमा हैं। जांच में यह भी पता चला कि उनके बेटे सूर्यांश भदौरिया का विशाल पंवार की शिवा चाइनीज वोक फ्रेंचाइजी में भी हिस्सा है। इसके अलावा बेटे के नाम अन्नपूर्णा और विजयनगर की शॉप में 40% हिस्सेदारी है, जिसके एवज में उसने 25 लाख रुपए भुगतान किए थे।
लोकायुक्त टीम ने बुधवार को भदौरिया के पलासिया (कैलाश कुंज) निवास के साथ ही ग्वालियर और अन्य लगभग आठ ठिकानों पर सर्चिंग की थी।
लॉकर और बैंक खाते भी फ्रीज
डीएसपी सुनील तालान ने बताया कि कुल चार बैंक लॉकर विभिन्न बैंकों में मिले हैं। पत्नी के नाम भी बैंक ऑफ बड़ौदा में लॉकर पाया गया। खातों और लॉकर को फ्रीज कराया जा चुका है। अब आरोपी की मौजूदगी में सभी लॉकर खोले जाएंगे।