नगर निगम कार्रवाई के दौरान बवाल! विरोध कर रहे कांग्रेस विधायक समेत कई नेता हिरासत में, भाजपा बोली- इनका दुकानदारों से पैसे का लेने देन

Saturday, Nov 22, 2025-03:35 PM (IST)

रायपुर : रायपुर में चौपाटी हटाने को लेकर सुबह से सियासी तूफान मचा रहा। एनआईटी के सामने साइंस कॉलेज मैदान स्थित चौपाटी को हटाने पहुंची पुलिस और नगर निगम की टीम का कांग्रेस नेताओं से सीधा टकराव हो गया। माहौल इतना गरमा गया कि धक्का-मुक्की, नारेबाजी और भ्रम की स्थिति बन गई। अंततः भारी पुलिस बल की मौजूदगी में निगम प्रशासन ने चौपाटी की सभी दुकानें हटवा दीं।

इस कार्रवाई का कांग्रेस ने जोरदार विरोध किया। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय पूरी रात दुकानदारों के साथ धरने पर बैठे रहे। सुबह क्रेन पहुंचते ही वे समर्थकों के साथ मशीनों के सामने लेट गए। पुलिस ने उन्हें व कई कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया। मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा विधायक राजेश मूणत के खिलाफ नारेबाजी भी की। विकास उपाध्याय का आरोप है कि “एक नेता की व्यक्तिगत जिद की वजह से चौपाटी हटाई जा रही है।”

उधर, विवाद बढ़ने के बीच भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चौपाटी हटाने की “असली वजह” बताई। उन्होंने दावा किया कि चौपाटी शुरू से ही अवैध थी और जिस जमीन पर यह बनाई गई, वह शिक्षा क्षेत्र (एजुकेशन हब) के लिए आरक्षित थी। मूणत ने बताया कि इसी जगह पर 1000 सीटर लाइब्रेरी का टेंडर जारी हो चुका है और चौपाटी संचालकों का निगम के साथ समझौता भी हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि “कांग्रेसी नेताओं का चौपाटी संचालकों से लेनदेन था, इसलिए वे अवैध निर्माण को बचाने की कोशिश कर रहे हैं।”

नगर निगम प्रशासन का कहना है कि उपयोगिता योजना के तहत पहले से तय विकास कार्यों में बाधा बनने पर चौपाटी को हटाया गया है। वहीं कांग्रेस ने कार्रवाई को “राजनीतिक बदले की भावना” बताया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News