MP के इस जिले में कब्रों से छेड़छाड़, अमावस्या पर तांत्रिक क्रिया की आशंका

Monday, Sep 22, 2025-01:06 PM (IST)

खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ मुस्लिम कब्रिस्तान में कब्रों के साथ छेड़छाड़ की गई है। जानकारी के अनुसार, शहर के बड़ा आवर स्थित बड़े कब्रिस्तान में सोमवार सुबह दो कब्रें खुली पाई गईं। इनमें से एक कब्र हाल ही में दफनाई गई एक महिला की है, जबकि दूसरी कब्र की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। अन्य कब्रों की भी जांच की जा रही है कि कहीं इस तरह की वारदात किसी और कब्र के साथ तो नहीं हुई।

PunjabKesariघटना की जानकारी लगते ही परिजन के साथ बड़ी संख्या में मुस्लिम समाजजन, शहर के काजी सैय्यद निसार अली और कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंचे। महिला के परिजनों की मौजूदगी में कब्र को पुनः ठीक किया गया। वहीं, मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में दो आरोपी नजर आए, जो रात के समय कब्रों के पास पूरी तरह निर्वस्त्र खड़े दिखाई दिए। इनमें से एक आरोपी खंभे पर चढ़कर सीसीटीवी कैमरे पर कफन का कपड़ा ढकने की कोशिश करता दिखा, ताकि अपने जुर्म को छुपाया जा सके। पुलिस ने डीवीआर जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

बता दें कि पिछले चार माह पहले भी इसी बड़े कब्रिस्तान में अमावस्या के समय तीन महिलाओं की कब्रें इसी तरह खुली पाई गई थीं। इसके बाद आक्रोशित मुस्लिम समाज ने कब्रिस्तान में कैमरे लगवाए थे। इस बार भी अमावस्या के दिन ऐसी घटना होने से तांत्रिक या आघोरी क्रिया की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, फिलहाल मामला पुलिस की जांच में है। शहर के काजी ने इस पर आपत्ति जताते हुए दोषी की जल्द गिरफ्तारी और उसे कड़ी सजा देने की मांग की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News