रातों-रात उड़ गए लाखों! शहडोल में सिंचाई विभाग कर्मचारी के घर बड़ी चोरी, टूटी अलमारी में छिपा रहस्य
Wednesday, Nov 12, 2025-01:23 PM (IST)
शहडोल। (कैलाश लालवानी): जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक सरकारी कर्मचारी के घर लाखों की चोरी की वारदात सामने आई। सिंचाई विभाग में पदस्थ सिद्धगणेश शुक्ला के घर अज्ञात चोरों ने सूने मौके का फायदा उठाते हुए नकदी और सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया।
जानकारी के मुताबिक घटना वार्ड क्रमांक 3/4 स्थित राम जानकी मंदिर के पास की है। बीती रात सिद्धगणेश शुक्ला रोज की तरह ऑफिस से लौटने के बाद दूध बांटने बाहर गए थे। इस दौरान घर पर उनकी पत्नी भारती शुक्ला अकेली थीं। करीब रात 11 बजे जब उन्होंने फोन कर पति को बुलाया तो घर पहुंचने पर देखा कि अलमारी टूटी हुई थी और लाखों के गहने व नकदी गायब थे।
चोरी गए सामान में —
दो सोने की चेन
दो हार
तीन अंगूठियां
तीन मंगलसूत्र
ओम लॉकेट
सोने की बेदी
चांदी के पायल और बर्तन
शामिल हैं। कुल मिलाकर करीब तीन लाख रुपये का माल चोरी हुआ है।
सूचना मिलते ही सोहागपुर पुलिस मौके पर पहुंची और फिंगरप्रिंट टीम व CCTV फुटेज की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी हुई है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि सोहागपुर पुलिस इस चोरी का खुलासा कब तक करती है।

