साध्वी प्रज्ञा का विवादित बयान, कहा- मंदिर में मुस्लिम प्रसाद बेचते दिखे तो वहीं ठुकाई करो
Monday, Sep 29, 2025-01:37 PM (IST)

भोपाल: पूर्व सांसद और भाजपा नेत्री साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर एक बार फिर विवादित बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने रविवार को विश्व हिंदू परिषद की महिला शाखा दुर्गा वाहिनी के कार्यक्रम में मुस्लिम समाज पर आक्रामक टिप्पणी कर दी। साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि हमें विधर्मियों से रिश्ता नहीं रखना हैं। उनसे दूरी बनाकर रखनी है और अगर कोई मुस्लिम मंदिर में प्रसाद बेचता दिखे तो उसकी ठुकाई करनी है। उनके इस बयान से राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
साध्वी प्रज्ञा ने कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं और युवतियों से कहा कि वे मुस्लिम पुरुषों से भाई-बहन का रिश्ता न जोड़ें, क्योंकि यह "छल का माध्यम" हो सकता है। उन्होंने हिंदू समाज से अपील की “हमें संकल्प करना है कि हमारे घर में कोई विधर्मी काम करने न आए।”
इतना ही नहीं, साध्वी ने महिलाओं से ग्रुप बनाकर मंदिरों के आसपास निगरानी रखने की बात कही। उन्होंने कहा “ध्यान रखें कि कोई विधर्मी तो मंदिर के पास प्रसाद बेचने न आए। अगर मिले तो उनकी ठुकाई करो।” इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में नई हलचल मच गई है। साध्वी प्रज्ञा के इस विवादित बयान को लेकर विपक्ष ने भाजपा पर फिर से ध्रुवीकरण की राजनीति का आरोप लगाया है।