अपनी ही सरकार के मंत्री पर बरसे BJP के वरिष्ठ नेता? बोले - जो सेव-परमल पर जिंदा थे, अब सायरन बजाकर घूम रहे हैं

Friday, Nov 07, 2025-05:40 PM (IST)

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर के ऐतिहासिक राजवाड़ा में शुक्रवार को ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य कार्यक्रम में उस वक्त माहौल गरमा गया, जब बीजेपी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रकवि सत्यनारायण सत्तन ने मंच से तीखा तंज कस दिया।

सत्तन ने कहा —

“जो कभी चने नहीं खा सकते थे, सेव-परमल पर जिंदा थे, और अब राजकीय गाड़ियों में घूम रहे हैं।”

उनके यह कहते ही मंच पर कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का सायरन बजाता काफिला पहुंच गया। सायरन की आवाज़ पर सत्तन ने तुरंत जोड़ा —
“कल तक जो झंडा उठाते घूमते थे, आज गाड़ी में घूम रहे हैं और उनके आगे पी-पी की आवाज़ हो रही है।

सत्तन यहीं नहीं रुके। उन्होंने मंच से बीजेपी के पुराने संघर्षशील कार्यकर्ताओं की अनदेखी पर भी सवाल खड़े कर दिए। कहा —

आज मंच पर नई पीढ़ी के नेता बैठे हैं, लेकिन बाहर वो कार्यकर्ता खड़े हैं जिन्होंने संघर्ष के दिनों में पार्टी का झंडा थामा था। अब वही लोग सड़क पर खड़े होकर आत्मसंतुष्टि पा रहे हैं कि उनके संघर्ष से राष्ट्र प्रेम की मशाल जल रही है।

कार्यक्रम में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व महापौर मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ और कई भाजपा पदाधिकारी मौजूद थे। सत्तन के इस बयान के बाद मंच पर कुछ पल के लिए सन्नाटा छा गया।

राजवाड़ा पर दिया गया यह तंज अब पूरे प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। सत्तन के तीखे शब्दों ने ‘वंदे मातरम् समारोह’ को सीधा ‘राजनीतिक अखाड़ा’ बना दिया।

राजनीतिक गलियारों में अब सवाल गूंज रहा है —  क्या सत्तन का यह तंज सिर्फ कैलाश विजयवर्गीय पर था या बीजेपी के अंदरूनी हालातों का आईना?


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News