इंदौर में संपत्ति सर्वे को लेकर हंगामा! पार्षद पति और अफसर आमने-सामने, महापौर बोले- CM और कमीश्रर से बात करूंगा
Sunday, Oct 26, 2025-02:32 PM (IST)
इंदौर (सचिन बहरानी) : इंदौर नगर निगम के कर्मचारी और पार्षद में विवाद के मामले ने तूल पकड़ लिया है। ये विवाद नगर निगम की तरफ से किए जा रहे संपत्ति सर्वे को लेकर हुआ है। मामला इतना बढ़ा कि देर रात तक भंवरकुआं थाने के बाहर पार्षदों, एमआईसी सदस्यों और निगम कर्मचारियों की भीड़ जमा हो गई। विवाद को लेकर नगर निगम के शैलेंद्र सिंह एआरओ द्वारा वार्ड 74 के पार्षद पति सुनील हार्डिया और उनके बेटों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करवाया है। एमआईसी सदस्य बबलू शर्मा और पार्षद की सुनवाई नहीं होने पर भवरकुआं टीआई के केबिन में पुलिस प्रशासन हाय हाय के लगाए नारे लगाए। पार्षद और MIC सदस्य बबलू शर्मा थाना प्रभारी के सामने हाथ जोड़कर FIR दर्ज कराने की मांग पर अड़े रहे। उनका आरोप था कि नगर निगम के अधिकारी कमिश्नर के नाम से उनको जान से मारने की धमकी दी जा रही है।

इस दौरान पार्षद के बेटे और पुलिस में गर्मा गर्मी का माहौल निर्मित हो गया और जमकर बहस हुई। निगम अधिकारी पार्षद विवाद पर इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि ये घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। अधिकारी जनप्रतिनिधियो की नहीं सुनते तो इससे स्थिति ठीक नहीं रहेगी। 2.30 घण्टे तक थाने पर शिकायत के लिए बैठना पड़ा, मैं मुख्यमंत्री और कमिश्नर से इस विषय पर बात करूंगा। मैं इस शहर का मेयर हूं, जनता के प्रति हमारी जवाबदारी है। अगर ऐसे अराजकतापूर्व व्यवहार होगा, बिना जानकारी दिए घर नपती होगी तो ये गलत है। मेरे मेयर रहते ये अराजकता नहीं होने देंगे, संपत्ति कर अभियान विधायक और पार्षद की जानकारी में नहीं था।

वही इस पूरे प्रकरण में तीन अलग-अलग पक्षों द्वारा एफआईआर दर्ज कराई गई हैं। जिसमें पहली एफआईआर पार्षद पति सुनील हार्डिया की ओर से दर्ज कराई गई है, जिसमें नगर निगम के एआरओ पर अभद्र व्यवहार करने और अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया गया है। वही दूसरी एफआईआर नगर निगम के एआरओ की ओर से दर्ज की गई है, जिसमें पार्षद पति सुनील हार्डिया और दो अन्य लोगों पर शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रकरण दर्ज कराया गया है।
जबकि तीसरी एफआईआर क्षेत्र की एक रहवासी द्वारा दर्ज कराई गई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि कुछ लोग, जो खुद को नगर निगम कर्मचारी बता रहे थे, उन्होंने अवैध रूप से उसके घर में प्रवेश किया और अभद्रता की।

