इस खतरनाक बीमारी ने फैलाई दहशत, चेतावनी जारी, मिट्टी-पानी से फैलता है ये रोग, कई लोगों ने गंवाई जान
Tuesday, Sep 23, 2025-03:37 PM (IST)

भोपाल: मध्य प्रदेश में गंभीर संक्रामक रोग मेलियोइडोसिस को लेकर स्वास्थ्य विभाग और जनता में चिंता का माहौल है। नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) ने इस रोग को लेकर अलर्ट जारी किया है। यह बीमारी बर्कहोल्डेरिया स्यूडोमैली नामक जीवाणु से फैलती है, जो मिट्टी और पानी में पाया जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह संक्रमण खासकर बरसात और उमस भरे मौसम में तेजी से फैलता है।
एम्स भोपाल की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले छह वर्षों में मध्य प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में 130 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। यह रोग अब राज्य में स्थानिक (एंडेमिक) रूप ले चुका है। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख है कि इस बीमारी से प्रभावित हर 10 में से 4 मरीजों की मौत हो जाती है। इसका प्रमुख कारण यह है कि इसके लक्षण अक्सर टीबी जैसे दिखाई देते हैं, जिससे गलत इलाज शुरू हो जाता है और संक्रमण पूरे शरीर में फैल जाता है।
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यह रोग मधुमेह, गुर्दे की बीमारी और कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली वाले लोगों के लिए विशेष रूप से खतरनाक है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इसे उभरती हुई उपेक्षित बीमारियों की सूची में शामिल किया है। दक्षिण-पूर्व एशिया और ऑस्ट्रेलिया के बाद मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा इस बीमारी के नए हॉटस्पॉट बनकर उभरे हैं।