पति ने पत्नी की गला रेतकर की हत्या, लव मैरिज के बाद दोनों में चल रही थी अनबन
Monday, Jul 21, 2025-06:01 PM (IST)

इंदौर (सचिन बहरानी) : इंदौर में पति द्वारा अपनी पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना शहर के हीरानगर थाना क्षेत्र की है। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि मृतका विवाद के बाद अपने बहन के घर रहने चली गई थी और आरोपी ने वही जाकर इस हत्याकांड को अंजाम दिया है।
दरअसल मामला हीरानगर थाना क्षेत्र के सुखलिया का है। जहां रहने वाले अरविंद नामक युवक ने अपनी पत्नी की चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी। एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह ने सोमवार को बताया कि दोनों की लव मैरिज हुई थी। लेकिन दोनों के बीच विवाद चल रहा था, इसी से नाराज होकर अरविंद की पत्नी दीपू बिना बताए अपनी बहन के घर रहने चली गई थी। जिसकी गुमशुदगी भी उसने हीरानगर थाने पर दर्ज कराई थी।
लेकिन जैसे ही आज अरविंद को पता पड़ा कि उसकी पत्नी उसकी बहन के घर रह रही है। तभी गुस्से में आकर अरविंद अपनी साली के घर पहुंचा और वहां पर विवाद किया और अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर उसका गला रेत कर हत्या कर दी। जहां बीच बचाव करने आई दीपू की बहन भी घायल हुई है। फिलहाल पुलिस को सूचना लगते ही मौके पर पुलिस पहुंची और आरोपी अरविंद को गिरफ्तार कर लिया है।