दामाद ने सास-ससुर को खाट से बांधकर पेट्रोल बम से उड़ाया, पहले ससुर तो अब सास की भी मौत, आरोपी फरार
Friday, Oct 17, 2025-04:04 PM (IST)

कोरिया: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक दामाद ने अपनी सास-ससुर को खाट से बांधकर पेट्रोल छिड़का और पेट्रोल बम से जिंदा जला दिया। धमाके में ससुर की मौके पर मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसी सास ने तीन दिन बाद इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी दरवाजा बंद कर फरार हो गया। यह पूरा मामला बचरा पोड़ी थाना क्षेत्र के साल्ही गांव का है। आपको बता दें कि पुलिस ने आरोपी दामाद को गिरफ्तार कर लिया है।
धमाके से उड़ी घर की छत, दहशत में गांव
मृतकों की पहचान राय राम (60) और पार्वती (59) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, 14 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे दो आरोपी मुंह पर कपड़ा बांधकर उनके घर पहुंचे। उन्होंने पहले राय राम और पार्वती को खाट से बांधा, फिर पेट्रोल छिड़ककर बम फेंक दिया। धमाका इतना तेज था कि घर की छत तक उड़ गई और पूरा मकान जलकर राख हो गया। राय राम की मौके पर मौत हो गई, जबकि पार्वती गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें पहले बैकुंठपुर जिला अस्पताल, फिर अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज, और अंत में रायपुर के निजी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
आरोपी दामाद पहले भी कर चुका था गोलीकांड
मुख्य आरोपी सुरेश ठाकुर, उत्तर प्रदेश के कानपुर का रहने वाला है। वह पहले खड़गवां में ट्रक चलाता था, जहां उसकी पहचान राय राम की बेटी जीनी से हुई। दोनों ने 10 साल पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी की और उनके दो बच्चे हुए। कुछ समय बाद सुरेश, जीनी को लेकर यूपी चला गया। वहां उसकी पहले से एक पत्नी थी, जिससे विवाद शुरू हो गया। छह महीने पहले जीनी बच्चों के साथ मायके लौट आई। इसी बात से नाराज होकर सुरेश ने चार महीने पहले भी ससुराल में गोली चलाकर हमला किया था, लेकिन तब कोई हताहत नहीं हुआ था।
साजिश के तहत की गई हत्या
पुलिस को शक है कि सुरेश ने इस बार पूरी साजिश रचकर हत्या की। बताया जा रहा है कि जीनी अपने ससुराल से कुछ सामान भी साथ लाई थी, जिससे सुरेश नाराज था। दोनों के बीच जमीन और संपत्ति को लेकर भी विवाद चल रहा था। कोरिया एसपी रवि कुर्रे ने बताया कि आरोपी सुरेश ठाकुर मुख्य संदेही है। पुलिस उसकी तलाश में यूपी के कानपुर स्थित घर पहुंची थी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। उसका मोबाइल फोन भी बंद है। पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस कर रही है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई है।
इंसानियत को झकझोरने वाली वारदात
साल्ही गांव में इस घटना के बाद लोगों में दहशत और आक्रोश दोनों है। ग्रामीणों का कहना है कि सुरेश पहले से ही हिंसक स्वभाव का था, लेकिन पुलिस ने पिछली गोलीकांड की घटना में कार्रवाई नहीं की, जिससे उसे और हौसला मिला।