सिवनी में बड़े उलटफेर के बाद हाई जोश में खंडेलवाल, बोले- आने वाला समय भाजपा का, चारों विधानसभा सीटों पर कमल खिलेगा
Thursday, Nov 20, 2025-03:51 PM (IST)
सिवनी (काबिज़ खान) : प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने आज सिवनी में आयोजित SIR मतदाता-कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसी बीच भाजपा कार्यालय उस समय चर्चा का मुख्य केंद्र बन गया जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं सिवनी नगरपालिका अध्यक्ष के पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी संजय भारद्वाज ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

संजय भारद्वाज ने कहा—“मेरा परिवार मूल रूप से भाजपाई रहा है। आज मैं अपने मूल परिवार में वापसी कर रहा हूं। कांग्रेस में रहते हुए मैंने पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम किया और अब भाजपा में भी उतनी ही निष्ठा से कार्य करूंगा।”

पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष सुजीत जैन ने प्रदेश अध्यक्ष के आगमन को जिले के लिए प्रेरक बताया और कहा कि इससे कार्यकर्ताओं में नया उत्साह आया है तथा संगठन आगामी चुनाव में और अधिक मजबूत होगा।

मीडिया से चर्चा के दौरान हेमंत खंडेलवाल ने हाईजोश में दिखे बोले- “सिवनी जिले की चारों विधानसभा सीटों पर भाजपा ही विजयी होगी। आने वाला समय भाजपा का है और जिले में कमल फिर से खिलकर रहेगा।” किसानों से जुड़े सवालों पर उन्होंने मोहन सरकार की नीतियों और संकल्पों का मजबूती से पक्ष रखा तथा विश्वास जताया कि भाजपा सरकार किसानों के हितों के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

