मतदाता सूची के काम में चूक, निदावन के शिक्षक BLO को कलेक्टर ने किया सस्पेंड
Monday, Nov 24, 2025-06:17 PM (IST)
अनूपपुर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही बरतने पर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षल पंचोली ने प्राथमिक शिक्षक राम सिंह धुर्वे को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया है। धुर्वे शासकीय प्राथमिक विद्यालय निदावन में शिक्षक थे और उन्हें मतदान केंद्र निदावन का BLO नियुक्त किया गया था।
कलेक्टर ने बताया कि धुर्वे मतदान केंद्र निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाए गए और इस गंभीर लापरवाही के चलते उन्हें मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियम 1965 व 1966 के तहत निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, अनूपपुर निर्धारित किया गया है।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, निर्वाचक नामावली का विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 जिले में प्रगति पर है। इस कार्य में BLO को घर-घर जाकर सर्वे करना, गणना पत्रक मतदाताओं को उपलब्ध कराना और डिजिटलीकरण करना शामिल है।
अनूपपुर जिले में कुल 5,39,973 मतदाता हैं, जिनमें से अब तक 3,55,371 मतदाताओं का विशेष गहन पुनरीक्षण पूरा हो चुका है। यानी लगभग 70% कार्य संपन्न, जबकि शेष 30% अभी जारी है।
कलेक्टर हर्षल पंचोली ने सभी BLO को सख्त हिदायत दी है कि वे अपने कर्तव्यों में कोई लापरवाही न बरतें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

