चक्रवाती तूफान का असर: MP के इन जिलों में होगी जोरदार बारिश!
Sunday, Oct 05, 2025-12:53 PM (IST)

भोपाल। मध्यप्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है। राजधानी भोपाल समेत इंदौर, बैतूल, रीवा, सागर, सतना, सीधी और कई जिलों में शनिवार को झमाझम बारिश हुई। तेज बरसात के बाद तापमान में तकरीबन 7 डिग्री की गिरावट आई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।
मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि अरब सागर में बने चक्रवाती तूफान और सिस्टम की वजह से 5 से 8 अक्टूबर तक जोरदार बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।
लगातार बारिश के कारण राजधानी के कई इलाकों में सड़कों पर जलभराव और जाम की स्थिति देखने को मिली। भोपाल के अरेरा हिल्स में शनिवार रात 8:30 बजे तक 12 मिमी (आधा इंच) बारिश दर्ज की गई।
वहीं बैरागढ़ में 7 मिमी पानी गिरा।
तापमान में गिरावट
शनिवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री से लुढ़ककर 24.6 डिग्री तक आ गया। न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री दर्ज हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ठंडी हवाओं का असर रहेगा और मौसम का मिजाज इसी तरह बदला-बदला नजर आएगा।